हल्द्वानी , पहाड़ न्यूज टीम

कहते हैं शौक बड़ी चीज है। लेकिन कई बार ये शौक इतना महंगा हो जाता है कि इंसान को मोटी रकम चुकानी पड़ती है. स्मार्टफोन का शौक भी कुछ ऐसा ही है। लोग महंगे मोबाइल फोन खरीदना चाहते हैं, लेकिन कीमत ज्यादा होने के कारण वे ऐसा नहीं कर पाते हैं। ऐसे शौकियों के लिए सबसे अच्छा विकल्प सेकेंड हैंड स्मार्टफोन है। ऑनलाइन साइटों पर, ये सेकेंड हैंड मोबाइल फोन मूल कीमत से सस्ते में उपलब्ध हैं, जिसमें ऐप्पल आईफोन और एंड्रॉइड स्मार्टफोन दोनों शामिल हैं।

ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला नैनीताल जिले में सामने आया है. हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में एक युवक को सस्ता मोबाइल लेना महंगा पड़ गया है. ठग ने युवक से 55 हजार रुपये ठगे हैं। पीड़ित ने मुखानी थाने में शिकायत दी है.

पीड़ित युवक का नाम रामेश्वर प्रसाद आर्या है, जो केशवपुरम कॉलोनी का रहने वाला है. रामेश्वर प्रसाद के मुताबिक, 6 अप्रैल को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एपल मोबाइल के लिए एक विज्ञापन देखा। जब उन्होंने विज्ञापन पर दिए गए नंबर पर कॉल की तो दीपक मालवीय नाम के किसी व्यक्ति ने कॉल रिसीव किया।

दीपक मालवीय ने रामेश्वर प्रसाद को 55,850 रुपये में एक लाख रुपये का मोबाइल देने के लिए कहा, लेकिन शर्त रखी कि पहले पूरा भुगतान ऑनलाइन करना होगा, उसके बाद ही वह मोबाइल पहुंचाएगा। सस्ते मोबाइल की आड़ में रामेश्वर प्रसाद ने ऑनलाइन ठग के खाते में 55 हजार रुपए ट्रांसफर किए।

रुपये लेने के बाद दीपक मालवीय ने कहा कि तीन दिन के अंदर मोबाइल उनके घर पहुंच जाएगा. तीन दिन बाद भी जब प्रसाद के पास मोबाइल नहीं पहुंचा तो उसने दीपक मालवीय को फोन किया। लेकिन मालवीय का नंबर बंद आ रहा था. इसके बाद प्रसाद को अपने साथ धोखाधड़ी का अहसास हुआ। प्रसाद ने आरोपी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है। मुखानी थाने के एसओ दीपक बिष्ट ने बताया कि पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.