देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में देहरादून-मसूरी की चमक जारी है। एजुकेशनल वर्ल्ड द्वारा जारी स्कूलों की ताजा रैंकिंग में देश में गर्ल्स बोर्डिंग में देहरादून के वेल्हम गर्ल्स और ब्वायज बोर्डिंग में द दून स्कूल का पहला स्थान है। ये दोनों स्कूल पिछली रैंकिंग से एक-एक स्थान ऊपर आए हैं। रैंकिंग सूची में दून, मसूरी और नैनीताल के स्कूलों का दबदबा रहा। वार्षिक EWISR दुनिया का सबसे बड़ा स्कूल रैंकिंग सर्वेक्षण है।
एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग (EWISR) 2021-22 ने एजुकेशन वर्ल्ड, सी फोर के साथ मिलकर भारत के 300 से अधिक शहरों में सर्वश्रेष्ठ और शीर्ष स्कूलों का सर्वेक्षण किया है। सर्वेक्षण में जून से सितंबर की अवधि के दौरान 11,458 स्कूलों के शिक्षाविदों, प्राचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों से साक्षात्कार लिए गए। ब्वायज बोर्डिंग के मामले में दून स्कूल ने ग्वालियर के सिंधिया स्कूल को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। सिंधिया स्कूल अब देश में तीसरे नंबर पर है। वहीं गर्ल्स बोर्डिंग में वेल्हम गर्ल्स ने सिंधिया कन्या विद्यालय ग्वालियर को पीछे छोड़ दिया है।
मसूरी के वुडस्टॉक का जलवा इंटरनेशनल रेजिडेंसियल में
देहरादून
मसूरी में वुडस्टॉक स्कूल 1395 के स्कोर के साथ इंटरनेशनल रेजिडेंसियल में नंबर एक पर है। उत्तराखंड का कोई भी स्कूल इंटरनेशनल डे स्कॉलर और इंटरनेशनल डे कम बोर्डिंग में टॉप टेन में नहीं है।

