देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

धामी सरकार ने उत्तराखंड राज्य के आंदोलनकारियों को नए साल पर पेंशन बढ़ाने का तोहफा दिया है. आंदोलनकारियों की पेंशन 1000 से बढ़ाकर 1400 रुपये की गई है. इससे राज्य के सात हजार से अधिक आंदोलनकारियों को लाभ मिलेगा। सरकार के ऐलान के बाद सरकार ने पेंशन बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है.

अपर सचिव रिद्धिम अग्रवाल ने शुक्रवार को उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं. सभी जिलाधिकारियों को आदेश जारी कर कहा गया है कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान सात दिन की जेल या आंदोलन के दौरान घायल हुए आंदोलनकारियों की पेंशन पांच हजार से बढ़ाकर छह हजार रुपये प्रति माह की गई है. इसके अलावा अन्य आंदोलनकारियों की पेंशन में 1400 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.

उत्तराखंड राज्य के आंदोलनकारी लंबे समय से पेंशन की मांग कर रहे थे। राज्य के आंदोलनकारियों की मांग पर विचार करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून पुलिस लाइन के कार्यक्रम में उनकी पेंशन बढ़ाने की घोषणा की थी, जिसका शासनादेश शुक्रवार को जारी कर दिया गया है.

राज्य आंदोलन के दौरान सात दिन जेल गए और घायल आंदोलनकारियों की संख्या 344 है, जिन्हें सरकार की ओर से हर महीने पांच हजार रुपये पेंशन मिल रही है, अब उन्हें छह हजार रुपये मिलेंगे. इनके अलावा 3100 रुपये पेंशन पाने वाले राज्य आंदोलनकारियों की संख्या 6821 है, उन्हें अब 4500 रुपये पेंशन मिलेगी.