रुद्रप्रयाग , PAHAAD NEWS TEAM

गौरीकुंड-केदारनाथ से बर्फ हटाकर पैदल मार्ग को सुगम बनाया गया है. इसके साथ ही अब केदारनाथ में मौसम साफ होने पर पिछले कुछ महीनों से बंद दूसरे चरण का पुनर्निर्माण कार्य भी शुरू होने जा रहा है। केदारनाथ में अभी बहुत कम हिमपात हुआ है। कहीं-कहीं स्थानों पर बर्फ जमी हुई है। ऐसे में अब प्रशासन को छह मई से शुरू होने वाली यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करने में कोई परेशानी नहीं होगी.

केदारनाथ धाम यात्रा 6 मई से शुरू हो रही है। प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में केदारनाथ गौरीकुंड पैदल मार्ग से ग्लेशियरों को काटकर मार्ग तैयार किया गया है। अब केदारनाथ धाम तक घोड़ों और खच्चरों की आवाजाही शुरू हो गई है। दूसरे चरण में अब धाम में पेयजल, संचार और बिजली की आपूर्ति सुचारू की जाएगी. इसके लिए विभिन्न विभागों की टीमों के लिए केदारनाथ पहुंचने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

केदारनाथ धाम में अभी बहुत कम बर्फ जमी है। मंदिर परिसर से अब बर्फ साफ हो गई है। कहीं-कहीं धाम में एक से दो फीट तक ही बर्फ जमी है। गर्मी की शुरुआत के साथ ही धाम से भी बर्फ पिघलने लगी है। हालांकि, धाम में खराब मौसम के कारण अभी भी बर्फबारी और बारिश हो रही है। अगर धाम में अभी मौसम साफ रहा तो नवंबर में बंद हुए दूसरे चरण का पुनर्निर्माण कार्य भी जल्द शुरू हो जाएगा। रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं. हाईवे का भी निरीक्षण किया गया है। यात्रियों के लिए पर्यटक पुलिस चौकी बनाई जा रही है।