देहरादून PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड के पांचवें विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन शुक्रवार को 362 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया. इनमें गढ़वाल संभाग के 246 और कुमाऊं संभाग के 116 उम्मीदवार शामिल हैं. इसके साथ ही विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या 750 हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच शनिवार को होगी और 31 जनवरी को नाम वापस लिया जा सकता है। उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

शुक्रवार को नामांकन पत्र जमा करने वाले मुख्य उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री हहरीश रावत (लालकुंआ), प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल (श्रीनगर), कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रणजीत रावत (सल्ट), कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी (मसूरी), पूर्व मंत्री किशोर उपाध्याय (टिहरी) शामिल हैं।

नामांकन के अंतिम दिन शुक्रवार को देहरादून की 10 विधानसभा सीटों के लिए 64 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया. हरिद्वार की 11 विधानसभा सीटों के लिए 61, टिहरी जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए 43, पौड़ी जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए 28, चमोली की तीन विधानसभा सीटों के लिए 11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया. रुद्रप्रयाग की दो विधानसभा सीटों पर 12 , उत्तरकाशी की तीन विधानसभा सीटों पर 27 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए .

नैनीताल जिले की छह विधानसभा सीटों पर 31, अल्मोड़ा की छह सीटों पर 21 और बागेश्वर जिले की दो सीटों पर नौ नामांकन हुए . पिथौरागढ़ जिले की चार सीटों पर 13, ऊधमसिंह नगर जिले की नौ सीटों पर 40 और चम्पावत जिले की दो सीटों पर दो ने नामांकन पत्र दाखिल किया. आम आदमी पार्टी ने नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार को दो विधानसभा सीटों रुद्रप्रयाग और नैनीताल पर अपने उम्मीदवार बदले। अब रुद्रप्रयाग सीट पर किशोरी नंदन डोभाल की जगह प्यार सिंह नेगी और नैनीताल से भुवन आर्य की जगह भाजपा का दामन छोड़कर आप में शामिल हुए हेम आर्य को प्रत्याशी बनाया गया है .

इसके अलावा पार्टी ने रुद्रपुर से नंद लाल, कालाढूंगी से कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुई मंजू तिवारी और यमुनोत्री से मनोज शाह को टिकट दिया है. आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा कि पार्टी राज्य की सभी 70 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रही है. आप ने महिलाओं को 10 फीसदी टिकट दिया है, जो अन्य राजनीतिक दलों से ज्यादा है।