मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में एक बार फिर कोरोना ने पैर पसारना शुरू कर दिया है. देहरादून में कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन का एक मरीज भी सामने आया है। ऐसे में सरकार, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है. कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मसूरी में 27 दिसंबर से होने वाले तीन दिवसीय विंटर लाइन कार्निवाल को भी स्थगित कर दिया गया है।
उत्तराखंड में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. वहीं, ओमीक्रोन का भी एक मामला सामने आया है। ऐसे में कोरोना ने एक बार फिर सरकार की टेंशन बढ़ा दी है. कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार पहले की तरह सख्त कार्रवाई करने जा रही है. वहीं, शुक्रवार को अधिकारियों ने कोरोना को लेकर बैठक की, जिसमें मसूरी में होने वाले तीन दिवसीय विंटर लाइन कार्निवाल को भी स्थगित कर दिया गया है.
मसूरी नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी और विंटर लाइन कार्निवाल के नोडल प्रभारी आशुतोष सती ने बताया कि 27 दिसंबर से मसूरी में होने वाले कार्निवाल को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्थगित कर दिया गया है. वहीं, मसूरी में बढ़ते पर्यटकों के दबाव को देखते हुए और कोविड के नियमों का पालन करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। नए साल पर मसूरी में पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में कोविड गाइडलाइंस का पालन कराना भी प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होगी.
वहीं माना जा रहा है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार राज्य में बड़े आयोजनों पर रोक लगा सकती है. ऐसे में नए साल का जश्न फिर से फीका पड़ सकता है। प्रशासन ने भी लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है.

