कोटद्वार , PAHAAD NEWS TEAM
नगर निगम कोटद्वार को कूड़ा निस्तारण के लिए भारत सरकार से भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति मिलने के बाद कंचनपुरी हल्दूखाता क्षेत्र के निवासियों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कंचनपुरी हल्दूखाता व अन्य क्षेत्रों के लोगों ने सभा का आयोजन किया. जिसमें तय किया गया है कि अगर आबादी के नजदीक ट्रंचिंग ग्राउंड बनाया गया तो आंदोलन किया जाएगा.
नगर निगम को हल्दुखाता के समीप कंचनपुर में कूड़ा निस्तारण के लिए भले ही जमीन मिली हो, लेकिन अवमुक्त जमीन पर ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने में निगम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा. वहीं स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आबादी के पास ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन हस्तानान्तरण के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी बैकफुट पर नजर आने लगे हैं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से आबादी के बीच में ट्रंचिंग ग्राउंड बनाया जा रहा है. ट्रंचिंग ग्राउंड की जमीन से 200 मीटर की दूरी पर एक पॉलिटेक्निक कॉलेज और एक निजी स्कूल है। यह पूरी तरह से आबादी वाला इलाका है। दूसरे छोर पर वन क्षेत्र और मालन नदी है। यह एलीफेंट कॉरिडोर क्षेत्र भी है। ऐसे में यहां ट्रंचिंग ग्राउंड बनने से जंगली जानवर आबादी वाले इलाके में जमा हो जाएंगे. जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

