देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

पहाड़ों की रानी मसूरी में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की ओर से तीन दिवसीय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. 27 दिसंबर से शुरू हो रहे फूड फेस्टिवल में आप यहां उत्तराखंडी पहाड़ी व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं। यह फेस्टिवल 27, 28 और 29 दिसंबर को मसूरी के माल रोड में होगा।

उत्सव में लोकप्रिय पा कुकरी बुक्स लिखने वाली भारत की पहली मास्टरशेफ पंकज भदौरिया स्वाद का तड़का लगाएंगी। जाने-माने खाद्य समीक्षक पुष्पेश के. पंत लोगों को भोजन से जुड़ी पुरानी परंपराओं को एक नए नजरिए से साझा करेंगे। महोत्सव में उत्तराखंडी लोकनृत्य, लाइव बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करने के साथ-साथ बच्चों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

महोत्सव में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार प्रदेश की संस्कृति और कला से रूबरू होंगे. इसके साथ ही फूड फेस्टिवल के दौरान विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने महोत्सव की जानकारी देते हुए कहा, “देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति में यहां के व्यंजन और उत्पाद रचे-बसे हैं, जिन्होंने हमेशा लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया है। राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हम पहाड़ी व्यंजनों और उत्पादों के बारे में लगातार प्रचार कर रहे हैं।

पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने कहा, ‘क्रिसमस और नए साल को देखते हुए मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है. ऐसे में देश-विदेश से आने वाले पर्यटक मसूरी में आयोजित होने वाले फूड फेस्टिवल में पहाड़ी पकवान का लुत्फ उठा सकते हैं । पर्यटन विभाग द्वारा इसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। महोत्सव में पहाड़ी व्यंजन के स्टॉल लगाए जाएंगे।