पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
मुनस्यारी तहसील के गिनीगांव के ग्रामीणों ने 150 किमी दूर जिला मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के 75 साल बाद भी उनका गांव सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है. जिसके लिए उन्होंने कई बार प्रशासन से गुहार भी लगाई, लेकिन सरकार की ओर से उन्हें कोरा आश्वासन ही दिया गया.
मुनस्यारी तहसील के गिनीगांव के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर नो रोड, नो वोट का नारा लगाकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है. गांव से सड़क तक पहुंचने के लिए 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। ऐसे में बीमार और गर्भवती महिलाओं को डोली में लादकर सड़क पर ले जाना पड़ता है.
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मांग को लेकर वे लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. लेकिन उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनके गांव को सड़क मार्ग से नहीं जोड़ा गया तो आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा. जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

