पौड़ी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार 14 फरवरी को मतदान समाप्त होने के बाद से जिला मुख्यालय पौड़ी में मतदान दल पहुंचने लगे हैं. जिले की 6 विधानसभा सीटों से सभी मतदान दलों ने जिला मुख्यालय पौड़ी के जीआईसी में बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम, वीवी पैट समेत निर्वाचन सामग्रियों को जमा करना शुरू कर दिया है. वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी.

गौरतलब है कि पौड़ी की 6 विधानसभा सीटों के लिए 947 मतदान केंद्र बनाए गए थे. जिसके सापेक्ष इतनी ही संख्या में ईवीएम और वीवीपैट का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, खराबी और तकनीकी खराबी के कारण अतिरिक्त ईवीएम को भी बैकअप के लिए रखा गया था। सारी सामग्री अब पौड़ी नगर के शासकीय इंटर कॉलेज में जमा कराई जा रही है। सोमवार की देर शाम से ही आसपास के मतदान दलों का आना शुरू हो गया था. काफी देर तक मतदान दलों के पहुंचने का सिलसिला चलता रहा।

वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि सभी 947 बूथों पर मतदान 14 फरवरी को शाम छह बजे समाप्त हो गया था. कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत की गणना में देरी हुई। इसके बावजूद रात साढ़े नौ बजे तक मतदान का प्रतिशत पहुंच चुका था । उन्होंने बताया कि मतदान दल अपने उपकरण लेकर मुख्यालय पहुंचने लगे हैं. ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री के भंडारण के लिए विधानसभा सीटवार स्टॉल लगाए गए हैं। मतदान दलों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए अतिरिक्त स्टॉल भी लगाए गए हैं।