पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों में शराब पहुंचाई जा रही है. पिथौरागढ़ पुलिस शिकंजा कंसने के लिए तेजी से कार्रवाई कर रही है। इसके तहत पुलिस ने 269 क्वार्टर अवैध शराब और 37 बीयर की बोतलें बरामद की हैं. साथ ही 3 आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने अवैध रूप से बालू और पत्थर ले जा रहे दो टिप्पर वाहनों को भी जब्त किया है.
थाना बेरीनाग पुलिस और उड़न दस्ते की टीम ने बड़गल गांव में मंदिर के पास स्थित फॉर्च्यून की दुकान पर छापा मारा और दुकान मालिक राजेंद्र सिंह (42) के कब्जे से 68 क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब और 13 बोतल बीयर बरामद की. इसके अलावा एसओजी पिथौरागढ़ और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने टनकपुर रोड ऐंचोली में छापेमारी कर आरोपी केदार को 55 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब और 24 केन बीयर के साथ गिरफ्तार किया है. वहीं, कोतवाली धारचूला और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 6 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है.
संयुक्त टीम ने आरोपी सुरेंद्र प्रसाद (21) के कब्जे से 66 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने कहा कि चुनाव प्रभावित न हो इसके लिए विभिन्न टीमों का गठन कर अवैध शराब कारोबारियों पर नकेल कसी जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

