मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मसूरी में राज्य और केंद्र सरकार पर हमला बोला है. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर बाबा रामदेव को संरक्षण देने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि बाबा रामदेव लगातार एलोपैथिक डॉक्टरों पर टिप्पणी कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसी के साथ कांग्रेस ने जरूरतमंदों और गरीबों की ओर हाथ बढ़ाए है. कांग्रेस ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाडी कार्यकर्ताओं, जरूरतमंदों और गरीबों को राशन बांटा। इस मौके पर उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, महानगर अध्यक्ष लालचंद, पूर्व विधायक राजकुमार समेत कई बड़े नेता शामिल हुए.
फ्रंटलाइन वर्करों को प्रोत्साहित करे सरकार- प्रीतम
इस मौके पर प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के गरीब जरूरतमंदों की विभिन्न माध्यमों से मदद करने और कोरोना काल में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार फ्रंटलाइन वर्कर्स को राहत देने के लिए बड़ी-बड़ी बातें कर रही है, लेकिन उन्हें समय-समय पर मानदेय नहीं दिया जा रहा है. न ही उन्हें प्रोत्साहित करने का काम किया जा रहा है, जिससे फ्रंटलाइन वर्करों को नुकसान हो रहा है.
कोरोना से निपटने में सरकार विफल – प्रीतम
प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार कोरोना संक्रमण से निपटने में पूरी तरह विफल रही है. कोरोना संक्रमण की पहली लहर आते ही राज्य सरकार को जल्द ही कोरोना संक्रमण की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए थी. लेकिन बीजेपी सत्ता के नशे में धुत हो गई. इसका खामियाजा आज पूरे देश के साथ उत्तराखंड की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
ऑक्सीजन को लेकर सरकार से जंग
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण कोरोना संक्रमण से हजारों लोगों की जान चली गई. वहीं, लोगों को ऑक्सीजन समेत कोरोना के इलाज के लिए दर दर भटकना पड़ा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी बीजेपी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है. मिशन 2022 के चुनाव को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है. वहीं, कोरोना काल में भी भाजपा जनता के साथ ऐसी राजनीति कर रही है, जिसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी.
कॉन्स्टेबलों का वेतनमान बढ़ाया जाए – प्रीतम
प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा कॉन्स्टेबल के साथ पे ग्रेड के मामले को लेकर राज्य सरकार अन्याय कर रही है . जहां लोग सैलरी बढ़ाने की बात करते हैं वहीं उत्तराखंड पुलिस के कॉन्स्टेबल पे ग्रेड को कम करने का काम उत्तराखंड बीजेपी सरकार ने किया है. इससे कॉन्स्टेबलों का भी मनोबल गिरा है। उन्होंने मांग की है कि कांस्टेबलों के वेतन ग्रेड में वृद्धि की जाएगी।
बाबा रामदेव की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी- प्रीतम
प्रीतम सिंह ने कहा कि बाबा रामदेव द्वारा एलोपैथिक और आयुर्वेदिक के बीच विवाद खड़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि जब बाबा रामदेव और बालकृष्ण बीमार पड़े तो उन्होंने एलोपैथिक का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि एलोपैथिक डॉक्टर कोरोना काल में अपनी जान की परवाह न करके कोरोना संक्रमित मरीजों की जान को बचाने का काम कर रहे हैं. वहीं इस अभियान में कई डॉक्टरों की जान भी जा चुकी है, लेकिन बाबा रामदेव लगातार एलोपैथिक डॉक्टरों को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव को भारतीय जनता पार्टी ने संरक्षण दिया है. उन्होंने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि बाबा रामदेव पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने भेजने की मांग की ।

