टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM.

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है. बारिश के कारण पहाड़ों से आ रहे मलबे और बोल्डर ने कई जगह सड़कें जाम कर दी हैं. जिससे आवाजाही के दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में टिहरी जिले के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से लोग चंबा-धनौल्टी-मसूरी होते हुए देहरादून और ऋषिकेश पहुंच रहे हैं. इस भारी आवाजाही से कई जगह जाम की स्थिति बनी हुई है.

टिहरी जिले में जहां लगातार बारिश के कारण ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग और ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया है. जिसके बाद देहरादून और ऋषिकेश आने वाले लोग अब टिहरी-चंबा-धनौल्टी-मसूरी होते हुए देहरादून पहुंच रहे हैं। चंबा से धनोल्टी-मसूरी के बीच ट्रकों की आवाजाही के साथ-साथ भारी मात्रा में वाहनों की आवाजाही हो रही है. जिससे कई जगह जाम लग जाता है। चंबा से धनोल्टी-मसूरी तक सिंगल लेन सड़क के कारण कई जगहों पर लंबा जाम लगा रहा. जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

स्थानीय व वाहन चालकों ने टिहरी व देहरादून जिला प्रशासन से मांग की है कि चंबा-धनौल्टी-मसूरी मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए. जिससे छोटे वाहन, बस सवार और आवश्यक सेवाओं वाले छोटे वाहन आसानी से आ सकेंगे। बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए कुछ दिनों के लिए एक निश्चित समय निर्धारित किया जाए। ताकि सुचारू और आसान आवाजाही की जा सके।