हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तरांचल स्वच्छ कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आज नगर विकास मंत्री बंशीधर भगत के आवास का घेराव किया. इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का काफी प्रयास किया लेकिन सफाई कर्मचारी नहीं माने, जिसके बाद मंत्री बंशीधर भगत सफाई कर्मियों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी दिया.
इस दौरान बंशीधर भगत ने सफाई कर्मियों को आश्वासन दिया कि आगामी 20 तारीख को वह देहरादून में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. मुख्यमंत्री को इस मामले से अवगत कराएंगे, ताकि सफाई कर्मियों की मांगों को पूरा किया जा सके.
बता दें, राज्य के सफाई कर्मचारी अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर पिछले कई सालों से आंदोलन कर रहे हैं. अलग-अलग सफाई संघ अपनी मांगों को लेकर अलग-अलग तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं. सफाई कर्मचारियों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती का ठेका प्रथा को समाप्त किया जाए। साथ ही विभागों में पुराने सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए। इसके अलावा सफाई भर्ती में पुराने कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए।

