हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

होली पर दोस्तों से मिलने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया है। जबकि दुर्घटना के कारण की पुष्टि नहीं हो सकी। 24 साल की उम्र में सागर पुत्र बलराम ने काठगोदाम के एक रेस्तरां में वेटर का काम करता था। रविवार की देर रात अपना काम खत्म करने के बाद वह दोस्तों से मिलने के लिए काठगोदाम से हल्द्वानी की ओर जा रहा था।

स्थानीय लोगों ने रविवार रात करीब 12 बजे घायल युवक को वाक वे शॉपिंग मॉल के पास पड़ा हुआ देखा। जिसके बाद 108 एंबुलेंस को मामले की जानकारी दी गई। एंबुलेंस की मदद से युवक को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी प्रभारी मनवर सिंह ने कहा कि शव को अज्ञात के रूप में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था क्योंकि युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

रात भर घर नहीं लौटने के बाद युवक के परिजन परेशान हो गए और वह उसे सुबह उठकर खोजने लगे। पुलिस चौकी पहुंचने के बाद उन्हें घटना की जानकारी दी गई। मृतक के पिता बलराम ने कहा कि वह काठगोदाम थाना क्षेत्र में कालटैक्स के पास, लाइन के पार चड्ढा इमारत में रहते है। बेटा रेस्टोरेंट से छूटने के बाद स्कूटी से अपने एक दोस्त और रिश्तेदार के यहां जा रहा था और रविवार रात 11 बजे निकला था।

ऐसे में उनकी मौत कैसे हुई, इस हादसे के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है। मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी प्रभारी ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। युवक के सीने और शरीर पर अंदरूनी चोट लगी हुई है, जो कि स्कूटी के घिसटने के कारण भी हो सकती है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।