उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए विदेश जाने के इच्छुक उत्तराखंड के नागरिकों की मदद के लिए विदेश मंत्रालय राजधानी देहरादून में एक कार्यालय खोलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विदेश मंत्रालय से अप्रवासियों के संरक्षण, सहयोग और मार्गदर्शन के लिए अन्य शहरों की तरह देहरादून में भी अप्रवासियों के संरक्षक कार्यालय खोलने का अनुरोध किया।

मंत्रालय ने उनके अनुरोध पर सहमति जताई है। राज्य सरकार के गृह विभाग के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है. सरकार ने देहरादून के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जल्द से जल्द कार्यालय के लिए जमीन या भवन तलाशने को कहा है. जितनी जल्दी भवन की व्यवस्था होगी, उतनी जल्दी कार्यालय खुलने की संभावना है।

देश के 10 शहरों में ऑफिस हैं

विदेश मंत्रालय के ये कार्यालय देश के 10 प्रमुख शहरों में कार्य कर रहे हैं। उत्तराखंड के लोगों को विदेश यात्रा के बारे में मार्गदर्शन, सूचना और अन्य जानकारियां हासिल करने के लिए चंडीगढ़, रायबरेली या दिल्ली जाना पड़ता है, लेकिन अब उन्हें इससे मुक्ति मिलेगी.

इस ऑफिस को खोलना फायदेमंद रहेगा
विदेश यात्रा, नौकरी या अध्ययन के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करने में आसानी होगी।
धोखाधड़ी की संभावना कम रहेगी, कार्यालय के सहयोग से प्रायोजकों की विश्वसनीयता पक्की की जा सकती है.
राज्य के जो लोग विदेश जाना चाहते हैं उन्हें दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर विदेश मंत्रालय का कार्यालय खोलने पर सहमति बनी है. विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं। कार्यालय खुलने से ऐसे मामलों पर लगाम लगेगी। इससे काफी सहूलियत होगी।

  • रिद्दीम अग्रवाल, अपर सचिव, (गृह)