देहरादून: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एक ऐसी मेगा योजना पर काम कर रहा है, जो टिहरी झील को एक नया आयाम देगी.

यह एक टनल के जरिए सीधे दून को टिहरी झील से जोड़ेगी। जो रानीपोखरी के पास बनेगी और झील के पास कोटी कॉलोनी क्षेत्र में खुलेगी।

टनल की कुल लंबाई 35 किमी होगी।
एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक, इस टनल की कुल लंबाई 35 किलोमीटर होगी और इसका शुरुआती बजट 8,000 करोड़ रुपये अनुमानित है।

टनल निर्माण की मेगा परियोजना को आगे बढ़ाते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों ने टनल के अलाइनमेंट का काम शुरू कर दिया है. सुरंग की मूल लंबाई 27 से 28 किमी होगी, जबकि बाकी दोनों तरफ सड़क होगी।

टिहरी झील देहरादून के रानीपोखरी इलाके के उस हिस्से से करीब 80 किमी दूर है जहां सुरंग का निर्माण शुरू होगा। यहां से टिहरी झील तक पहुंचने में दो घंटे से ज्यादा का समय लगता है। टनल बनने के बाद यह दूरी महज एक घंटे में तय की जा सकेगी।

दो लेन वाली दो सुरंगों का निर्माण किया जाएगा
एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक टिहरी झील तक दो डबल लेन टनल का निर्माण किया जाएगा। 35 किमी की लंबाई में एक टनल से दूसरी टनल तक पहुंचने के लिए यू-टर्न भी प्लान किया जाएगा।

आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए एक और सुरंग भी बनाई जा रही है. ताकि आग, भूस्खलन और भूकंप की स्थिति में एक और सुरंग का इस्तेमाल किया जा सके।

परियोजना में बड़े पैमाने पर वन भूमि का हस्तांतरण शामिल होगा। साथ ही निजी जमीन का भी अधिग्रहण किया जाएगा। हालांकि, कुल ट्रांसफर और एक्विजिशन को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है।