विकासनगर , PAHAAD NEWS TEAM

गढ़वाल व कुमाऊं मंडल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में निगम कर्मचारियों ने डाकपत्थर में प्रदर्शन किया. उन्होंने लंबित मांगों को पूरा नहीं करने पर सरकार से नाराजगी जताई। निगम कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती उनका आंदोलन जारी रहेगा।

संयुक्त कर्मचारी महासंघ के बैनर तले डाकपत्थर स्थित आसन बैराज रिज़ॉर्ट, विकासनगर गैस एजेंसी, निगम के होटल कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले से सूचित किए जाने के बाद भी उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जा रहा है. संघ जिलाध्यक्ष आशीष उनियाल ने कहा कि निगमों को आत्मनिर्भर बनाने, उनके कार्य क्षेत्र को बढ़ाने, वेतन विसंगतियों को दूर करने, कर्मचारियों की पदोन्नति की व्यवस्था को ठीक करने और सभी श्रेणी के कर्मचारियों को पदोन्नति प्रणाली के तहत लाने के लिए , निगमों से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के देयकों का तुरंत भुगतान करने, कर्मचारियों को अटल आयुष्मान योजना का लाभ देना, संविदा एवं दैनिक कर्मचारियों को उचित मानदेय देना तथा नियमित कर्मचारियों की तरह बीमा योजना का लाभ देना, किसी भी इकाई का निजीकरण नहीं करना। कर्मचारी संगठनों की ओर से उठाई जाने वाली समस्याओं के शीघ्र समाधान करने की मांग की जा रही है। इन समस्याओं से अवगत होने के बाद भी सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखेंगे। इस दौरान कर्मचारियों ने होटल परिसर में पौधरोपण भी किया. प्रदर्शन करने वालों में सुखदेव रावत, विक्रम सिंह रावत, दिगंबर सिंह बिष्ट, हरी सिंह बिष्ट, आरआर रतूड़ी, नरेश नौटियाल, राजेंद्र रतूड़ी, अर्जनु सिंह चौहान शामिल थे।