मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

मसूरी समेत आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से शनिवार को पर्यटन स्थल केंपटी फॉल का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसके बाद पर्यटकों समेत स्थानीय निवासियों को पुलिस प्रशासन ने झरने पर जाने से रोक दिया. साथ ही आसपास बनी दुकानों को खाली करने के भी निर्देश दिए।

कैंपटी फॉल पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे थे और वहां स्नान कर रहे थे। लेकिन बारिश के बाद पानी बढ़ता देख पुलिस प्रशासन ने सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया। कैंपटी थाना अध्यक्ष नवीन चंद्र ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कैंपटी फॉल विकराल रूप ले चुका है, जिससे पर्यटकों को सुरक्षा की दृष्टि से जलप्रपात में जाने से रोक दिया गया है. उन्होंने कहा कि बारिश के साथ मलबे के पत्थर और लकड़ी के टुकड़े भी आ रहे हैं, जिससे पर्यटकों को सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल झरने पर जाने से रोक दिया गया है.

फॉल में जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है ताकि कोई भी पर्यटक फॉल में न जा सके। शनिवार और रविवार को मसूरी जाने वाले पर्यटकों की चेकिंग की जाएगी। 72 घंटे की कोरोना जांच रिपोर्ट, मसूरी में होटल की बुकिंग दिखा पाने वालों को ही मसूरी जाने दिया जाएगा।