देहरादून। उत्तराखंड मौसम अपडेट उत्तराखंड में मौसम बदल गया और पहाड़ों  पर हिमपात के साथ ही निचले इलाकों में बारिश हुई। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ-साथ देहरादून के पास चकराता और मसूरी के आसपास के पहाड़ों पर भी बर्फबारी हुई है।मौसम में आए बदलाव से पूरा राज्य शीतलहर की चपेट में है। बर्फबारी के बाद मसूरी में पारा शून्य तक पहुंच गया, जबकि अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में यह शून्य के करीब रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भीषण शीतलहर की संभावना है। इसे देखते हुए मद्देनजर  विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

रविवार देर रात से राज्य में बारिश का दौर शुरू हो गया। केदारनाथ में रात से सुबह तक बर्फबारी शुरू हुई। धाम में करीब आधा फीट बर्फ की चादर बिछी हुई है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ, चोपता, दुगालबिट्टा में भी हल्की बर्फ गिरी। दोपहर बाद चमोली के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में हल्की बर्फबारी शुरू हुई। औली में पर्यटकों ने जमकर बर्फ की फुहारों का आनंद लिया।

इसके अलावा मसूरी के पास धनोल्टी, लाल टिब्बा, बुरांशखंडा और सुरकंडा की पहाड़ियां भी बर्फ से सफेद हो गई हैं।  मौसम  के मिजाज को देखते हुए होटल संचालकों के साथ-साथ कारोबारियों में भी उत्साह है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री के अलावा, हर्षिल में भी बर्फबारी हुई। हर्षिल में यह सीजन की पांचवीं बर्फबारी है। बर्फ के कारण कुछ समय के लिए यमुनोत्री राजमार्ग बाधित हो गया था।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, मंगलवार से पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड का कहर जारी रहेगा। खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कोल्ड डे कंडीशन की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में सुबह और शाम को घना कोहरा रहेगा।