देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. उत्तराखंड को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। उत्तराखंड की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस 25 मई को देहरादून से नई दिल्ली रूट पर चलेगी। इस बात की जानकारी खुद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी है. उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया भी अदा किया है।

उत्तराखंड से मिलने जा रही पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर दी. सीएम धामी ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास यात्रा के एक नए अध्याय में शामिल होने जा रहा है. 25 मई को प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से उत्तराखंड को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है, जो देहरादून से नई दिल्ली के बीच चलेगी.

बता दें कि 18 मई को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधरी ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को लेकर देहरादून रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उधर, महाप्रबंधक शोभन चौधरी ने बताया कि चिल्ला कॉरिडोर में देहरादून से चलने वाली सभी ट्रेनों की गति 40 किमी प्रति घंटा है, अगले आदेश तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की गति भी 40 किमी प्रति घंटा होगी.