उत्तरकाशी, PAHAAD NEWS TEAM

प्रदेश के जिले उत्तरकाशी में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण यमुनोत्री हाईवे को बंद किया गया है। सुबह से हो रही बारिश के कारण फूलों की घाटी मार्ग पर बना पुल बह गया है।

उत्तरकाशी में रात से हल्की बारिश हो रही है। रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार तड़के हल्की बारिश हुई । यहां फिलहाल आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी में रविवार मध्य रात्री से बारिश हो रही है।  यमुनोत्री हाईवे पर जगह-जगह मलबा और पत्थर आने से मार्ग बंद हो गया है। यहां लगातार बारिश के कारण मार्ग खोलने के प्रयास शुरू नहीं हो पा रहे हैं।

चमोली जनपद में बारिश रविवार रात से सोमवार सुबह तक जारी है। बदरीनाथ हाईवे क्षेत्रपाल, ग़ुलाबकोटी और लामबगड़ में अवरुद्ध है। जिले में 34 संपर्क मार्ग भी अवरुद्ध हैं। अलकनंदा, पिंडर और नंदाकिनी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में गदेरे (बरसाती नाले) की वजह से मार्ग खतरनाक हो गया है। यहां सोमवार की सुबह मार्ग बंद होने की वजह जिलाधिकारी फंस गए थे। जिन्हें स्थानीय लोगों  ने दूसरी ओर पहुंचाया।