उत्तरकाशी , PAHAAD NEWS TEAM
विश्व प्रसिद्ध हिमालय धाम गंगोत्री और यमुनोत्री में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. ताकि दोनों धामों की व्यवस्था और निर्माण कार्यों समेत हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके. जिसकी सीधी निगरानी जिला कार्यालय व जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से की जा रही है.
बता दें कि जिला प्रशासन द्वारा गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 13 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. जिसमें गंगोत्री धाम में 9 और यमुनोत्री धाम में 4 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिला प्रशासन के रूप में यह किसी भी प्रकार की आपदा के साथ आपात स्थिति में मदद करेगा।
उत्तरकाशी के डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि केदारनाथ की तर्ज पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी 13 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. जिसमें गंगोत्री धाम में गंगा स्नान घाटों की मॉनिटरिंग के लिए 4, 1 कैमरा मुख्य मंदिर परिसर, 1 पार्किंग, 2 गंगोत्री मन्दिर के मुख्य द्वार और 1 गंगोत्री बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके साथ ही यमुनोत्री धाम में मुख्य मंदिर परिसर सहित हनुमान मंदिर, गर्म कुंड और मुख्य रास्ते पर सीसीटीवी कैमरों की नजर रहेगी .
वहीं, डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज जिला कार्यालय और आपदा नियंत्रण कक्ष में देखी जा सकती है. इन कैमरों की मदद से गंगा और यमुना के जल स्तर पर नजर रखी जा सकती है. साथ ही धामों में हो रहे निर्माण कार्यों पर भी नजर रखी जाएगी, साथ ही आपदा व आपात स्थिति में इन कैमरों की मदद से रिस्पॉन्स टाइम में भी मदद मिलेगी.

