पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM


मुनस्यारी में भारी बर्फबारी से जनजीवन भले ही पटरी से उतर गया हो, लेकिन बर्फबारी का फायदा लोग भी उठा रहे हैं. हर साल बर्फबारी के बाद केएमवीएन (कुमाऊं मंडल विकास निगम) खलियाटॉप में स्नो स्कीइंग का आयोजन कराता है। हालांकि इस बार केएमवीएन पीछे हट गया है, लेकिन जोहार क्लब ने अपने संसाधनों से स्कीइंग प्रशिक्षण जारी रखते हुए प्रशासन को आईना दिखाया है।

मुनस्यारी के खलियाटॉप में इस बार तीन से पांच फीट तक हिमपात हुआ है। ऐसे में यह क्षेत्र स्नो स्कीइंग के लिए काफी उपयुक्त हो गया है। स्नो स्कीइंग को लेकर जब केएमवीएन ने पीछे हटना शुरू किया तो जोहार क्लब आगे आया। जोहार क्लब अपने सीमित संसाधनों से हिमनगरी में स्नो स्कीइंग की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। इससे मुनस्यारी में स्नो स्कीइंग का मजा लेने आए पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं।

जोहार क्लब के इस कदम से ठप पड़े पर्यटन व्यवसाय और एडवेंचर स्पोर्ट्स कोचों के लिए भी उम्मीद की किरण जगी है। बता दें कि हिमनगरी मुनस्यारी पिथौरागढ़ जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहां हिमालय की खूबसूरती को बेहद करीब से देखा जा सकता है। ट्रैकिंग, बर्ड वाचिंग, माउंटेन बाइकिंग और कैंप फायर के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

इसके अलावा मुनस्यारी के खलियाटॉप और बेटुलीधार स्नो स्कीइंग के लिए उपयुक्त हैं। 10 दिनों तक चलने वाले इस स्कीइंग प्रशिक्षण में नए छात्रों को बेसिक कोर्स सिखाने के अलावा राज्य के कोने-कोने से स्कीइंग के शौकीन भी अपना जलवा बिखेरेंगे.

पंडित नैन सिंह माउंटनियरिंग संस्थान द्वारा युवाओं को स्नो स्कीइंग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। संस्थान की ओएसडी रीना कौशल धर्मसक्तू ने बताया कि स्नो स्कीइंग प्रशिक्षण में केरल, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, आंध्र प्रदेश और उत्तराखंड समेत नौ राज्यों के युवक-युवतियां भाग ले रहे हैं। इस दौरान युवाओं ने बेटुलीधार में स्नो स्कीइंग की बारीकियां सीखीं।