कालागढ़ : देशभर में महामारी की तरह फैल रहे लंपी वायरस से अब तक हजारों गायों की मौत हो चुकी है। जिसकी गंभीरता को देखते हुए सरकार ने गायों को इस वायरस से बचाने की कवायद शुरू कर दी है. उत्तराखंड राज्य में भी जहां गायों को इस वायरस से बचाने के लिए टीकाकरण किया जा रहा है, वहीं कोटद्वार विधानसभा के कालागढ़ क्षेत्र में पशु चिकित्सालय नहीं होने के कारण यहां की गायों में यह वायरस तेजी से फैल रहा है.

क्षेत्र में गायों की लगभग आधी आबादी को अपनी चपेट में ले चुके इस वायरस को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय प्रतिनिधि शंकर सिंघल और योगेश सैनी ने विधानसभा अध्यक्ष से इस वायरस की रोकथाम के लिए गायों के टीकाकरण की मांग की थी, जिसके तुरंत बाद बुधवार की सुबह कोटद्वार से डॉक्टरों की टीम वैक्सीन और जरूरी दवाएं लेकर कालागढ़ पहुंची।

कोटद्वार पशु चिकित्सक डॉ बीएम गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने सेंट्रल कॉलोनी और न्यू कॉलोनी का दौरा किया, गायों की जांच और टीकाकरण किया और लंपी वायरस से प्रभावित गायों को आवश्यक दवाएं वितरित कीं। डॉ बीएम गुप्ता ने कहा कि लगभग छब्बीस गायों का टीकाकरण किया जा चुका है और 30 ऐसी गायों को जो वायरस से पीड़ित हैं, उन्हें दवा दी गई है, जिसमें से दो गायों की हालत गंभीर है.

डॉ गुप्ता ने लोगों से कहा कि जानवरों को कुछ दिनों तक खुले में न जाने दें और उन्हें मच्छरों और मक्खियों से बचाएं, इसके साथ ही नीम के पत्ते इस वायरस में बहुत कारगर होते हैं और अपने मवेशियों को नियमित रूप से नीम के पत्ते खिलाएं। टीम में वैक्सीनेटर कैलाश चन्द्र पोखरियाल , पैरा वैट सन्तोष चौधरी और इएलो हिमांशु बुड़ाकोटी व साथ में स्थानीय प्रतिनिधि शंकर सिंघल, वन्यजीव रेस्क्यूर दीपक कुमार, हिमांशु कुमार, आशुतोष अग्रवाल मौजूद थे।