देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा में पिछले दरवाजे से भर्ती को लेकर राजनीति गरमा गई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष (BJP State President) महेंद्र भट्ट का कहना है कि बीजेपी सरकार ने नैतिक साहस दिखाते हुए भर्ती मामले की विधानसभा में जांच कराकर नियुक्तियां रद्द कर दी हैं. अब कांग्रेस की मिसाल पेश करने की बारी है। वहीं, महेंद्र भट्ट के बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष (Congress State President) करन माहरा ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि सरकार बीजेपी की है. ऐसे में उन्हें कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार होती तो तथाकथित वीआइपी को सामने लाते।
महेंद्र भट्ट ने कहा है कि नैतिकता की शुरुआत स्वयं से होती है। इसलिए कांग्रेस को सबसे पहले अवैध नियुक्तियों को लेकर विधान सभा के उन पूर्व अध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जो उनकी पार्टी के थे। फिर चाहे गोविंद सिंह कुंजवाल हों या सदन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, जिनके पास कैबिनेट मंत्री के अधिकार भी हैं. इसके जवाब में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सरकार बीजेपी की है. ऐसे में उन्हें कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह साबित करना चाहिए कि पिछले दरवाजे से हुई नियुक्तियों में किसने गलत किया है।

उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए. ताकि यह पता चल सके कि रिपोर्ट में विशेषज्ञ जांच समिति के अध्यक्ष दिलीप कोटिया ने क्या-क्या बातें लिखी हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को यह तय करना है कि किसे हटाना है और किसे नहीं हटाना है. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को कार्रवाई करने का अधिकार होता तो वह तथाकथित वीआईपी को लाती जिसका नाम अंकिता हत्याकांड में सामने आ रहा है. लेकिन शासन और प्रशासन भाजपा का है। उसके बाद भी यह अच्छी परिपाटी बन गई है कि विपक्ष से भी सवाल पूछे जा रहे हैं.

