पौड़ी,

व्यासघाट नौगांव के ग्रामीणों ने एक निजी रिजार्ट कंपनी पर उनकी भूमि कब्जाने का आरोप लगाते हुए जल्द अवैध अतिक्रमण को हटाकर कब्जा मुक्त किए जाने की मांग की है। ग्रामीण नरेंद्र सिंह रावत व धनवीर सिंह ने बताया कि एक रिसॉर्ट कंपनी ने लीज पर ली गई जमीन के अतिरिक्त अन्य भूमि पर भी कब्जा कर लिया। लेकिन प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद धरातल पर कुछ होता नहीं दिख रहा है। बताया कि जांच रिपोर्ट में अतिक्रमण वाली भूमि को भी कब्जा मुक्त घोषित किया गया है जबकि कंपनी द्वारा भूमि पर कब्जा पूर्व की भांति अभी भी बरकरार है। बताया कि कई बार प्रशासन से मामले को लेकर गुहार लगाई जा चुकी है। लेकिन उनको न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप जल्द उनकी भूमि को उन्हें लौटने की मांग की है। वहीं जिलाधिकारी ने मामले में एसडीएम को जांच सौंप दी है। और कहा है कि तुरंत जांच कर उसमें जो तथ्य सामने आएं उस आधार पर कार्रवाई की जाए।