रूड़की के लक्सर खानपुर ब्लाक क्षेत्र के कई गांवों में चंदपुरी के पास गंगा नदी का तटबन्ध टूट जाने से कई गांव जलमग्न हो गए हैं। सैकडो बीघा खेती की जमीन पानी में डूबी। प्रशासन ने लोगो से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।पिछले 48 घंटे से पहाड़ों पर हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण गंगा नदी व अन्य नदियों में उफान आ गया है, जिस कारण तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, लक्सर व खानपुर क्षेत्र के तटबंध की सुरक्षा के लिए कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। फिर भी गंगा में जलस्तर बढ़ जाने के कारण चंद्रपुरी के पास कमजोर तटबंध अचानक टूट जाने से क्षेत्र के अनेक गांव व सैकड़ों बीघा खेती की जमीन जलमग्न हो गई है। प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में पहुंच कर पीड़ित लोगों की सुरक्षा कर रहे हैं। क्षेत्र के शेेरपुर बेला गांव में बाणगंगा तथा गंगा नदी के बीच टापू पर खेती करने तथा खेतों की रखवाली करने गए लगभग 30 लोग इस अचानक आई बाढ़ में फंस गये जिन्हें उपजिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी और क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार व थाना प्रभारी खानपुर अभिनव शर्मा द्वारा राजस्व विभाग तथा एसडीआरएफ व जल पुलिस की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया है।अभी मौके पर कुछ अन्य लोगों के भी फंसे होने की संभावना है। एसडीआरएफ की टीम तथा जल पुलिस लगातार रेस्क्यू कार्य कर रही है। उप-जिला अधिकारी की उपस्थिति में सारा प्रशासनिक आमला बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में मुस्तैदी से तैनात है।
तटबन्ध टूटने से गांव हुए जलमग्न, प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

