देहरादून/नैनबाग।
उत्तराखंड के नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री खजान दास के शपथ ग्रहण के बाद आज पहली बार जौनपुर ब्लॉक के नैनबाग पहुंचने पर क्षेत्रवासियों द्वारा उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं और बुजुर्गों ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया।

नैनबाग पहुंचने पर मंत्री खजान दास ने सबसे पहले क्षेत्र के विकास पुरुष सरदार सिंह रावत की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

इस अवसर पर खजान दास ने कहा कि—
“कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने के उपरांत प्रथम बार आज जौनपुर ब्लॉक के नैनबाग में क्षेत्रवासियों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए मैं दिल की गहराइयों से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं। आप सभी के अपनत्व एवं स्नेह से ही मुझे राजनीतिक क्षेत्र में विभिन्न पदों पर सेवा करने का अवसर मिला है।”

उन्होंने आगे कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक तरीके से मंत्री का स्वागत किया। क्षेत्र में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला, जिसे लेकर नैनबाग सहित आसपास के गांवों में खुशी का माहौल बना हुआ है।
पहले नैनबाग फिर बिरोड में उनका स्वागत किया उसके पश्चात् उन्होंने महासू देवता के दर्शन किये
इस मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।