पहाड़ न्यूज़ :

देहरादून | मंगलवार, 4 अगस्त 2026

देहरादून। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता राजेश नौटियाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के विषयों पर चर्चा करते हुए जौनपुरी एवं रवांल्टा समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

बैठक के दौरान राजेश नौटियाल ने मुख्यमंत्री को द्वारिकापुरी से हरिद्वार तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा में सम्मिलित होने का निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जौनपुरी एवं रवांल्टा समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने के संबंध में उत्तराखंड विधानसभा से संकल्प पारित कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दोनों समुदायों की भावनाओं का सम्मान करती है तथा इस विषय पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक महावीर सिंह रांगड़, टिहरी आईटी संयोजक सुनील डोभाल, पूर्व प्रधान सुल्तान सिंह, मंदिर समिति अध्यक्ष बचन सिंह, देवमाली संजीव नौटियाल, बजरंग दल के नेता गौतम उनियाल, अमित नौटियाल, जयवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का जनहित के मुद्दों पर समय देने एवं सकारात्मक आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया।

— संवाददाता