19 जुलाई 2026 | देहरादून,

देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क धौरण चौक में रविवार को चंद्रेश्वर महादेव मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव के जलाभिषेक, विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के साथ हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए तथा उनके सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” तथा “जय भोले की” के जयकारों से परिसर को गुंजायमान कर दिया।

इस अवसर पर निरंजन डोभाल एवं मुनीन्द्र डोभाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया। मंदिर समिति ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।