देहरादून : मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने सचिवालय स्थित अपने सभागार में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अधीन मोबाइल हेल्थ वैन और टेलीमेडिसिन के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की. मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल स्वास्थ्य सुविधाओं और टेलीमेडिसिन को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जाए.
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को मोबाइल स्वास्थ्य और टेलीमेडिसिन सुविधाओं के लिए शत-प्रतिशत संतृप्ति योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोबाइल वैन सुविधा के क्षेत्र में एनएचएम, स्वास्थ्य विभाग और हंस फाउंडेशन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का विश्लेषण किया और कमियों को चिन्हित कर उन्हें भरने का निर्देश दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र दूर हैं, वहां मोबाइल वैन का दौरा बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि मोबाइल वैन के आने-जाने की निश्चितता बढ़ाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र के लिए दिन निर्धारित किए जाएं। उन्होंने कहा कि मोबाइल वैन की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए स्थायी निगरानी और फीडबैक प्रणाली को मजबूत किया जाना चाहिए।
मुख्य सचिव ने मोबाइल वैन में ब्लड सैंपल आदि के साथ पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की उपयोगिता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक व्यवस्थित योजना तैयार की जानी चाहिए। इसके साथ ही टेलीमेडिसिन की दिशा में यथासंभव प्रयास बढ़ाए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाएं तलाशते हुए इसके उपयोग की दिशा में कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर सचिव आर. राजेश कुमार एवं महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. विनीता शाह सहित अन्य विभागीय उच्चाधिकारी भी उपस्थित थे।
एम्स ऋषिकेश: टिहरी पहुंचा टीबी की दवा वाला ड्रोन, सफल परीक्षण करने वाला देश का पहला एम्स बना ऋषिकेश

