जोशीमठ : प्रदेश कांग्रेस ने जोशीमठ प्रकरण पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. यह कमेटी जोशीमठ के प्रभावित क्षेत्रों में सरकार के काम की निगरानी करेगी, साथ ही नुकसान की समीक्षा भी करेगी. समिति के सदस्य जोशीमठ पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण भी करेंगे।
कमेटी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के अलावा इन नेताओं को शामिल किया गया है
पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा माहरा दसोनी ने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, स्थानीय विधायक राजेंद्र भंडारी, द्वारहाट विधायक मदन बिष्ट, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी और अनुकृति गुसाईं को शामिल किया गया है.
उन्होंने कहा कि समिति जोशीमठ में स्थानीय लोगों के जान-माल की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की निगरानी करेगी. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि पिछली आपदाओं में कितने लोगों का सरकार ने पुनर्वास किया है। समिति सर्वेक्षण और भूवैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों की सिफारिशों से इनपुट लेगी।
हेलंग बायपास और एनटीपीसी सहित अन्य निर्माण कार्यों को रोकने के लिए समिति सरकार पर दबाव बनाएगी। समिति जोशीमठ के सभी घरों के बीमा के संबंध में एनटीपीसी द्वारा किए गए समझौते के अनुपालन की स्थिति के बारे में भी पूछताछ करेगी।
कितने विधायकों और सांसदों ने जोशीमठ की आवाज उठाई : आर्य
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने जोशीमठ मुद्दे को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. नेता प्रतिपक्ष ने पूछा कि जोशीमठ को बचाने के लिए सत्ता पक्ष के कितने सांसद और विधायक अब तक आवाज उठा चुके हैं.
शनिवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने ट्वीट कर कहा कि जनता ने भाजपा के पांच सांसद और 47 विधायक जीते हैं। केंद्र और राज्य में बीजेपी की सरकारें हैं. उनमें से कितने लोगों ने जोशीमठ को बचाने के लिए आवाज उठाई।
पिछले 14 माह से स्थानीय लोग क्षेत्र की इस समस्या की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. अब चीजें हाथ से निकल रही हैं, इसलिए विशेषज्ञों की टीम भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक परियोजना को स्थायी रूप से बंद नहीं किया जाता तब तक जोशीमठ के अस्तित्व पर खतरा बना रहेगा।

