नैनीताल – भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी विराट कोहली इन दिनों अपनी पत्नी फिल्म स्टार अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ कुमाऊं की खूबसूरत वादियों में पहुंच गए हैं. बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा नैनीताल के मुक्तेश्वर पहुंचे.
कयास लगाए जा रहे थे कि विराट और अनुष्का अपनी बेटी के साथ बाबा नीम करोली महाराज कैंची धाम के दर्शन करने उत्तराखंड आए हैं। वे तीन दिवसीय निजी दौरे पर हैं, वे हेलीकॉप्टर से घोड़ाखाल हेलीपैड पर उतरकर मुक्तेश्वर के लिए रवाना हुए. बुधवार रात वह मुक्तेश्वर में थे।

आज गुरुवार को विराट कोहली भवाली स्थित नीम करोली बाबा महाराज के आश्रम पहुंचे. इस दौरान स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने विराट कोहली के साथ फोटो भी खिंचवाई. इसमें कोई शक नहीं कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की कैंची धाम में गहरी आस्था है। हाल ही में अनुष्का ने सोशल मीडिया पर बाबा की फोटो भी अपलोड की और बाबा नीम करौली महाराज से अपने पति के लिए प्रार्थना की, जिसके बाद ही विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप में अपने पुराने फॉर्म में लौट आए.
बता दें कि विराट कोहली की ससुराल देहरादून में है। अनुष्का शर्मा का बचपन देहरादून के नेशविला रोड में बीता है। दून के पाश इलाके में नेशविला रोड पर उनका पैतृक ससुराल शीला भवन के नाम से है। अनुष्का के पिता लेफ्टिनेंट कर्नल अजय कुमार शर्मा 16 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे। यहीं से उन्होंने बीआरएस लिया था। हाल ही में विराट ने वर्ल्ड कप 2022 में सबसे ज्यादा 296 रन बनाए थे ।

