श्रीनगर। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खिर्सू एवं थलीसैंण प्रखंडों में हॉट मिक्स तकनीक से सड़कें बनाई जाएंगी. इसके लिए शासन स्तर से करीब 20 करोड़ की राशि जारी की जा चुकी है। खिर्सू प्रखंड में जहां हॉट मिक्स तकनीक से दो सड़कों का निर्माण किया जायेगा, वहीं थलीसैंण प्रखंड में इस तकनीक से एक सड़क का निर्माण किया जायेगा. करीब 29 किमी लंबी ये तीन सड़कें पीएमजीएसवाई से बनेंगी। सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जायेगा, गुणवत्ता में कोई लापरवाही पाये जाने पर संबंधित प्रशासन के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी.

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाने में लगी है, ताकि आम लोगों को आसानी से आवागमन हो सके. उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में नई सड़कों के निर्माण के साथ पुरानी और क्षतिग्रस्त सड़कों को मजबूत किया जाएगा।प्रथम चरण में खिर्सू प्रखंड की दो और थलीसैंण प्रखंड की एक सड़क को हॉट मिक्स तकनीक से तैयार किया जायेगा.इसके लिये शासन स्तर से लगभग 20 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है।
डॉ. रावत ने बताया कि खिर्सू ब्लॉक के अंतर्गत 9.76 किलोमीटर के खंडाह-ढ़ामकेश्वर-भेलगढ-कठुली मोटर मार्ग के निर्माण को 668 लाख तथा 7.69 किलोमीटर के चौबट्टाखाल-हुल्कीखाल से कठुली मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 548 लाख की धनराशि जारी कर दी गई है। जबकि थलीसैंण ब्लॉक के अंतर्गत 11.35 किलोमीटर के चौखाल-जसपुरखाल-भंडेली मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 759 लाख की धनराशि जारी कर दी गई है।
डॉ. रावत ने कहा कि पीएमजीएसवाई द्वारा जल्द ही तीनों मोटरमार्गों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से इन सड़कों को पक्का करने की मांग कर रहे हैं. डॉ. रावत ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सड़कों के निर्माण और सुधार में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. यदि सड़कों की गुणवत्ता में कोई खामी पायी जाती है तो संबंधित प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
Cantt Board Elections: उत्तराखंड में कैंट बोर्ड के चुनाव टले, नौ छावनी परिषदों में चुनाव होने थे

