देहरादून : इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन की शुरुआत 31 मार्च से होगी। टूर्नामेंट के पहले मैच में चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस से होगा। शुरुआती मैच में ही अनुभवी कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का सामना युवा कप्तान हार्दिक पांड्या से होगा। चेन्नई की टीम इस सीजन की तैयारी अपने होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में कर रही है।
चेन्नई के खिलाड़ियों ने इस सीजन में पहली बार प्रशंसकों के सामने अभ्यास किया। इसे देखने के लिए हजारों की संख्या में प्रशंसक स्टेडियम में मौजूद थे। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टीम जब मैदान में उतरी तो चारों तरफ धोनी-धोनी के नारे गूंजने लगे. अपने कप्तान को देखकर फैन्स खुशी से झूम उठे। चेन्नई ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। धोनी बल्ला लेकर मैदान पर पहुंचे. उन्होंने लंबे समय तक बल्लेबाजी का अभ्यास किया।
जडेजा ने ऐसा किया काम
चेन्नई सुपर किंग्स ने एक और वीडियो शेयर किया है जिसमें रवींद्र जडेजा नजर आ रहे हैं। स्थानीय प्रशंसक भी उन्हें खूब पसंद कर रहे हैं। जडेजा ने भी फैंस को निराश नहीं किया। उन्होंने अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’ के स्टाइल को कॉपी किया। वहीं, पिछले सीजन में नहीं खेलने वाले तेज गेंदबाज दीपक चाहर को देखकर फैंस काफी खुश हुए। चाहर ने सभी को फ्लाइंग किस दी।
चेन्नई के प्रशंसकों को लंबे समय बाद अपने खिलाड़ियों को अपने घरेलू मैदान पर देखने का मौका मिला. मैचों के अलावा वह प्रैक्टिस सेशन भी देखना नहीं भूलते। बड़ी संख्या में प्रशंसक हमेशा स्टेडियम में आते हैं।
चेन्नई की टीम पिछले सीजन में सिर्फ दो ही मैच जीत सकी थी
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पिछले सीजन में 14 में से 10 मैच गंवाए थे। उसकी केवल चार जीतें थीं। चेन्नई के आठ अंक थे। कट्टर प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस के भी आठ अंक थे, लेकिन वह नेट रन रेट में पिछड़ गई। मुंबई की टीम 10वें पायदान पर थी। टॉप-4 में दो नई टीमें गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स रहीं। गुजरात ने फाइनल में राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताब जीता। चेन्नई की टीम पिछले सीजन की निराशा को भुलाकर नए सिरे से शुरुआत करेगी।

