टिहरी गढ़वाल: विकासखंड चम्बा के ग्राम पटूडी की होनहार बेटी कुमारी अंजली नेगी ने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर राज्य कर अधिकारी (State Tax Officer) के प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

अंजली नेगी, श्री दिनेश सिंह नेगी एवं श्रीमती निर्मला नेगी की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनकी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प, लगन और समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे ग्राम पटूडी और आसपास के क्षेत्रों में खुशी और गर्व का माहौल पैदा कर दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंजली की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

अंजली नेगी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।